लिखित भाषा को पढ़ने की क्रिया को पठन कौशल (Reading Skill) कहा जाता है, जैसे पुस्तकों को पढ़ना, समाचारपत्रों को पढ़ना आदि. भाषा के संदर्भ में पढ़ने का अर्थ कुछ भिन्न होता है. भाव और विचारों को लिखित भाषा के माध्यम से पढ़कर समझने को पठन कहा जाता है.
पठन कौशल का अर्थ (Meaning of Reading Skill in Hindi)
पठन कौशल का मतलब है लिखित सामग्री को पढ़कर उसका अर्थ समझना, उस पर विचार करना, और फिर उसके अनुसार अपने विचारों को बनाना और व्यवहार करना. इसका उद्देश्य किसी भाषा को समझदारी से पढ़ना और उसका भाव ग्रहण करना है. पठन कौशल में निम्नलिखित पहलू शामिल होते हैं:
- ध्वनि प्रतीकों को देखकर पहचानना
- वर्णों का उपयोग कर शब्दों का निर्माण करना
- शब्दों को अर्थपूर्ण इकाइयों में बाँटकर पढ़ना
- पढ़ी हुई सामग्री के विचारों को समझना
- पठित सामग्री पर अपने विचार स्थापित करना
पठन कौशल का महत्व (Importance of reading skills)
तथ्यों के आधार पर पठन कौशल के महत्व को समझा जा सकता है:
- पठन, शिक्षा प्राप्ति में सहायक होता है.
- पठन-कौशल ज्ञानोपार्जन का साधन है.
- आधुनिक युग विशिष्टताओं का युग है, व्यक्ति जिस भी क्षेत्र में है वह विशिष्टता प्राप्त करना चाहता है.
- सामाजिक दृष्टिकोण से भी पठन कौशल अत्यंत महत्त्वपूर्ण है, कक्षाओं में की जाने वाली बहुत-सी सांस्कृतिक गतिविधियों में पठन कौशल का विशेष महत्व होता है.
- शिक्षा की प्रक्रिया का संचालन सभी शिक्षण स्तरों पर वाचन के माध्यम से किया जाता है, बिना वाचन के शिक्षण की प्रक्रिया का संचालन संभव नहीं है.
- लिखित भाषा को सीखने हेतु वाचन का विशेष महत्व है. अक्षरों को सीखने के लिए अक्षरों की ध्वनि के उच्चारण की सहायता ली जाती है बिना पठन के भाषा का ज्ञान अधूरा होता है.
- पठन कौशल मनोरंजन का एक महत्त्वपूर्ण साधन भी है, किसी भी स्थान पर अपने पठन कौशल का विकास अकेलेपन को दूर करने के लिए तथा समय का सदुपयोग करने के लिए मनुष्य कहानी, पत्रिका इत्यादि पढ़ता है तथा आनंद प्राप्त करने में सक्षम होता है.
- सामाजिक, राजनीतिक, साहित्यिक तथा सांस्कृतिक विकास के लिए आलोचनात्मक दृष्टिकोण का विकसित होना आवश्यक है. आलोचनात्मक दृष्टिकोण के विकास के लिए अध्ययन अति आवश्यक है और अध्ययन पठन का ही रूप है.
पठन कौशल की विशेषताएँ
पठन कौशल भाषा सीखने का एक महत्वपूर्ण भाग है. इसके माध्यम से विद्यार्थी केवल शब्द नहीं पढ़ता, बल्कि उनका अर्थ भी समझता है. एक अच्छे पाठक में कई विशेषताएँ पाई जाती हैं.
1. अर्थ ग्रहण करने की क्षमता
पठन कौशल का मुख्य उद्देश्य अर्थ समझना होता है. विद्यार्थी पढ़ी गई सामग्री का भाव आसानी से समझ पाता है.
2. शब्द पहचान
अच्छा पाठक शब्दों को जल्दी पहचान लेता है. इससे पढ़ने की गति और समझ दोनों बेहतर होती हैं.
3. प्रवाहपूर्ण वाचन
पठन में उचित गति, स्पष्टता और सही उच्चारण आवश्यक होता है. प्रवाहपूर्ण वाचन सुनने वाले को भी प्रभावित करता है.
4. आलोचनात्मक सोच
पठन कौशल व्यक्ति को सोचने और विश्लेषण करने की क्षमता देता है. विद्यार्थी सही और गलत तथ्यों में अंतर समझ पाता है.
5. ध्यान एवं एकाग्रता
अच्छा पठन एकाग्रता बढ़ाता है. विद्यार्थी लंबे समय तक विषय पर ध्यान केंद्रित कर सकता है.
6. भाषा विकास
नियमित पठन से भाषा ज्ञान में वृद्धि होती है. इससे बोलने और लिखने की क्षमता भी मजबूत होती है.
7. शब्दावली विस्तार
पढ़ने से नए शब्द सीखने को मिलते हैं. इससे विद्यार्थी की शब्दावली समृद्ध होती है.
इस प्रकार पठन कौशल केवल पढ़ने तक सीमित नहीं है. यह व्यक्ति के बौद्धिक, भाषाई और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
पठन कौशल के उद्देश्य (Objective of reading skills)
पठन कौशल के प्रमुख उद्देश्य इस प्रकार हैं:
- शब्द, ध्वनियों व उनके सहायता का ज्ञान करवाना जिससे वाचन में शब्दों का उच्चारण शुद्ध रूप में कर सकें.
- आरोह, अवरोह का ऐसा अभ्यास करवाना जिससे वह यथा अवसर भावों के अनुकूल स्वर में पढ़ पाए.
- पठन के माध्यम से शब्दों पर उचित बल दिया जाना चाहिए.
- पढ़कर पठित वस्तु का भाव समझे तथा दूसरों को भी समझाने में सक्षम हो.
- पठन के माध्यम से विरामादि चिह्नों का ज्ञान करवाना.
- पठित वस्तु का भाव ग्रहण करने की क्षमता विकसित करना.
- बच्चों के शब्द भंडार में वृद्धि करवाना.
- स्वाध्याय की प्रवृत्ति का विकास करना.
- वाचन के प्रति रूचि उत्पन्न करना तथा पठन में होने वाली त्रुटियों से अवगत कराकर उनके निवारण की जानकारी देना.
- वाचन में मौलिकता तथा मधुरता का समावेश होना चाहिए. वाचन सम्बन्धी उचित शिष्टाचार के नियमों के प्रयोग का पालन किया जाना चाहिए, जैसे उचित मुद्रा में खड़ा होना आदि.
- वाचन में कृत्रिमता नहीं होनी चाहिए, लिखित सामग्री को उचित भावों तथा विचारों की सार्थकता के साथ प्रस्तुत करना चाहिए.
पठन कौशल की प्रक्रिया (Process of reading skills)
पठन की प्रक्रिया को दो भागों में विभाजित कर सकते हैं-
1. पठन मुद्रा (Reading currency) –
पठन मुद्रा के अंतर्गत हम विषयवस्तु पढ़ाने से पूर्व योग्यताओं के विकास की बात करते हैं जिससे मानसिक तथा शारीरिक रूप से पढ़ने के लिए तैयार हो जाए. आत्मविश्वास उत्पन्न करना तथा सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करना, उन्हें पढ़ने के लिए उत्साहित करता है.
2. पठन शैली (Reading style) –
पठन शैली के अंतर्गत अक्षर एवं शब्दोच्चारण, सस्वरता, बल, विराम, लय, यति-गति प्रवाह आदि आते हैं. पठन शैली के अंतर्गत हम पठन के विभिन्न चरणों की यात्रा करते हैं तथा इन चरणों को हम पठन का औपचारिक पक्ष या यांत्रिक पक्ष भी कह सकते हैं, जो इस प्रकार है:
- प्रत्याभिज्ञान: प्रत्याभिज्ञान से तात्पर्य सृदश वस्तु को देखकर किसी देखी हुई वस्तु का स्मरण होना है, स्मृति की सहायता से होने वाला ज्ञान या पहचान को भी हम प्रत्याभिज्ञान कहते हैं. लेखक के विचारों को पढ़कर समझना तथा उसका पूर्वगत सामग्री के साथ सम्बन्ध स्थापित करना. वर्णों से बने हुए शब्दों तथा शब्दों से बने हुए वाक्यों को अलग-अलग न देखते हुए उस लेख को सम्पूर्ण रूप से देखना ही प्रत्याभिज्ञान कहलाता है. यह पठन का प्रथम चरण है जो पठन प्रक्रिया में अत्यंत महत्त्वपूर्ण है.
- अर्थग्रहण: पठन प्रक्रिया का द्वितीय चरण, पढ़ने की क्षमता के बाद आने वाला “अर्थग्रहण” है. पढ़ने का अर्थ केवल सार्थक ध्वनि के प्रतीक लिपि चिह्नों को पहचानना मात्र नहीं है अपितु पुर्वश्रुत सार्थक ध्वनियों के प्रतीक चिह्नों को पढ़कर उनका संदर्भानुसार अर्थग्रहण करना है. पठन एक सोद्देश्य प्रक्रिया है जैसे-जैसे पाठक शब्दों को पढ़ता है वैसे-वैसे उन शब्दों के निहित अर्थों को ग्रहण करता है, अर्थग्रहण के अंतर्गत शब्दों तथा वाक्यों के अर्थों को समझना, विचारों को क्रमबद्ध रूप से ग्रहण करना, पठन सामग्री के केन्द्रीय भाव को समझना तथा विश्लेषण करना, एवं सामान्यीकरण करना निहित है. इस प्रकार से हम कह सकते हैं कि पठित वस्तु का आलोचनात्मक आंकलन ही अर्थग्रहण क्षमता का विकास है.
- मूल्यांकन: पठन के तृतीय चरण के अंतर्गत पठित सामग्री का मूल्यांकन सम्मिलित है. लेखक अपने विचारों को अपने दृष्टिकोण के माध्यम से पाठक तक पहुँचाने का प्रयास करता है, पाठक उन विचारों का मूल्यांकन कर यह जानने का प्रयास करता है कि उसके अनुसार या समाज की परिस्थितियों के अनुरूप लेखक के विचारों का क्या औचित्य है. मूल्यांकन करने के उपरांत पाठक अपने विचारों की सार्थकता को सिद्ध कर प्रतिक्रिया कर सकता है. सृजनात्मक पठन तभी संभव है यदि पाठक पठित सामग्री के प्रति भावात्मक तथा मानसिक प्रतिक्रिया करें. इस प्रकार से हम यह कह सकते हैं कि पठन प्रक्रिया के अंतर्गत विचारों का मूल्यांकन तथा प्रतिक्रिया अत्यंत महत्त्वपूर्ण है.
- अनुप्रयोग: पठन प्रक्रिया का चौथा तथा अन्तिम चरण है, अनुप्रयोग जिसका अर्थ पठित सामग्री से ग्रहण किए गए विचारों तथा मूल्यों का अपने जीवन में प्रयोग करना है. अनुप्रयोग से तात्पर्य है कि लेखक के जिन भावों को तथा विचारों को हम सहमति प्रदान करते हैं, उन्हें हम अपने जीवन में आत्मसात करें तथा जीवन के मूल्यों में सम्मिलित करें. हम यह कह सकते हैं कि पठन तभी सार्थक होता है यदि वह हमारे व्यवहार में परिवर्तन लाता है. पठित सामग्री के माध्यम से हम अच्छे विचारों तथा लेखक द्वारा निर्धारित सुविचारों तथा गुणों को अपने जीवन में उतारें तभी पठन के उद्देश्य को पूरा किया जा सकता है अन्यथा पठित सामग्री का सार्थक उपयोग असंभव है.
पठन कौशल के प्रकार (Types of reading skills)
सामान्यत: पठन कौशल चार प्रकार का होता है.
1. सस्वर पठन (Recitation) –
स्वर सहित पढ़ते हुए अर्थ ग्रहण करने को सस्वर पठन कहा जाता है. यह पठन की प्रारंभिक अवस्था होती है. वर्णमाला में लिपिबद्ध वर्णों की पहचान सस्वर पठन के द्वारा ही करवाई जाती है. सस्वर पठन भावानुकूल करना चाहिए. इस प्रक्रिया से आत्मविश्वास का विकास होता है. सस्वर पठन के माध्यम से की गई अशुद्धियों की भी जानकारी हो जाती है. सस्वर पठन के माध्यम से आरोह-अवरोह बल, उतान-अनुतान, गति-यति का भी अभ्यास हो जाता है.
सस्वर पठन के गुण (Qualities of recitation) –
- शुद्ध उच्चारण • स्वर माधुर्य
- उचित ध्वनि निर्गम • प्रभावोत्पादकता
- उचित लय एवं गति • स्वाभाविकता
- उचित बल विराम • अर्थ प्रतीति
- उचित हाव-भाव • स्वर में रसात्मकता
- उचित वाचन मुद्रा
2. मौन पठन (silent reading) –
मौन पठन के द्वारा हम गहराई से अर्थग्रहण करते हुए चिन्तन-मनन एवं तर्क शक्ति का विकास करते हैं. उस समय हमारा सारा ध्यान पाठ्यवस्तु में निहित विचार पर ही होता है. अत: हम एकाग्रचित होकर उसका विश्लेषण करते हैं, मूल्यांकन करते हैं और उसके प्रति अपनी मानसिक प्रतिक्रिया भी करते रहते हैं. चिन्तन और प्रतिक्रिया से हमारे दृष्टिकोण में स्पष्टता आती है, हमारे अनुभव-जगत तथा विचार-क्षेत्र का विस्तार होता है.
अवकाश के क्षणों में मनोरंजक सामग्री को पढ़कर आनंद लेने में मौन पठन बहुत सहायक होता है उपन्यास और नाटक जैसी वृहदाकार रचनाओं को पढ़ते समय शायद ही कोई सस्वर पठन करता होगा. पुस्तकालय तथा सार्वजनिक स्थानों पर जहाँ जोर से बोलना वर्जित होता है, मौन पठन का व्यावहारिक महत्त्व और भी बढ़ जाता है.
सस्वर एवं मौन पठन के प्रयोजन की जानकारी प्राप्त कर लेने के बाद आइए इन दोनों के स्वरूपों में अंतर पर विचार करें. सस्वर पठन में मौन पठन की अपेक्षा अधिक दृष्टि विराम होते हैं और विरामों के बीच का समय भी अधिक होता है. सस्वर पठन में दृष्टि, वाणी से आगे रहती है और मौन पठन में दृष्टि अर्थबोध स्थल से आगे रहती है. मौन पाठ में दृष्टि विराम कम होने के कारण पठन की गति तेज हो जाती है जबकि सस्वर पाठ में ऐसा नहीं होता.
उदाहरण के लिए एक वाक्य लीजिए: “मेरे पिता जी लखनऊ से कल वापस आए” इस वाक्य को पढ़ते समय यदि प्रत्येक शब्द पर रुकता रहा तो कुल आठ दृष्टि विराम होंगे जो मन्द पठन का द्योतक है. मध्यम श्रेणी का पाठक इस वाक्य में तीन विराम देगा, यथा मेरे पिताजी/लखनऊ से/कल वापस आए. किन्तु तीव्र गति से पढ़ने वाला इस वाक्य को केवल दो या एक ही विराम में पढ़ जाएगा. ये विराम न केवल तीव्र गति से पढ़ने के लिए आवश्यक हैं वरन् अर्थग्रहण में भी सहायक होते हैं.
यदि किसी ने उपर्युक्त वाक्य में “पिता” अथवा “कल” शब्द के उपरान्त विराम दे दिया तो उसके अर्थग्रहण में कठिनाई होगी. मौन पठन में उच्चारण अपेक्षित न होने के कारण विरामों की संख्या कम हो जाती है और फलस्वरूप पठन की गति बढ़ जाती है.
परीक्षणों से ज्ञात हुआ है कि प्रारंभिक स्तर पर तो सस्वर और मौन पठन दोनों में पढ़ने की गति समान होती है किन्तु धीरे-धीरे मौन पठन के अभ्यास द्वारा मौन पाठ में तेजी आ जाती है. यदि छठी कक्षा में सस्वर पठन द्वारा प्रति मिनट पढे़ गए शब्दों की संख्या 170 होगी तो मौन पठन द्वारा यह संख्या प्रति मिनट लगभग 200 शब्द होगी. यह भी पता चला है कि जिस बच्चे को मौन पाठ का सक्रिय अभ्यास कराया गया उसके द्वारा प्रति मिनट पढ़े गए शब्दों की संख्या अन्य बच्चों की अपेक्षा अधिक थी. अत: मौन पठन का अभ्यास कक्षा में नियमित रूप से होना चाहिए.
पाठ्यपुस्तक पढ़ाते समय गद्यांश को पहले स्वयं सस्वर पठन (आदर्श पठन) करें, फिर से उसका अनुकरण पठन कराए. उच्चारण तथा भाषा संबंधी कठिनाईयों के निवारण के उपरान्त गद्यांश का मौन पठन कराया जाए. मौन पठन के समय कक्षा में पूर्ण शान्ति होनी चाहिए. इसके उपरान्त प्रश्नोत्तर विधि से पठन का विचार विश्लेषण किया जाना चाहिए. कभी-कभी मौन पठन से पूर्व ऐसे संकेत या प्रश्न दिए जा सकते हैं जिनको ध्यान में रखकर मौन पठन करें. गृहकार्य के रूप में भी पूर्व निर्देश देकर बच्चों को घर पर मौन पठन करने के लिए कहा जा सकता है.
दिए गए निर्देश के अनुसार मौन पठन द्वारा किसी प्रश्न या उत्तर या समस्या का समाधान खोजता है. इसे निर्देशित पठन भी कहते हैं. कक्षा कार्य अथवा गृहकार्य के रूप में दिए गए मौन पठन की जाँच शिक्षक द्वारा अवश्य की जानी चाहिए. मौन पठन को भी दो भागों में विभक्त किया जाता है: (1) गंभीर मौन वाचन एवं (2) त्वरित मौन वाचन.
1) गंभीर मौन पठन: गंभीर मौन पठन विषयवस्तु पर अधिकार प्राप्त करने अथवा अधिक जानकारी खोजने के लिए किया जाता है. इसके अंतर्गत पठन के प्रयोजन पर ध्यान रखना चाहिए. प्रत्येक अनुच्छेद के केन्द्रीय भाव को दृढ़ता से ग्रहण किया जाता है. इस प्रकार हम कह सकते हैं कि गंभीर मौन पठन के अंतर्गत पूरी विषयवस्तु पढ़ने के उपरान्त मन में उसकी एक रूपरेखा बना ली जाती है तथा स्वयं द्वारा विकसित टिप्पणियों को प्रश्नों के रूप में संगठित करके विषयवस्तु की पुनरावृत्ति की जाती है.
2) त्वरित मौन पठन: त्वरित मौन पठन में विषयवस्तु का एक-एक शब्द पढ़ना आवश्यक नहीं होता है. इसके द्वारा पढ़ी गई विषयवस्तु का केवल सार-ग्रहण कर लिया जाता है. इसका उद्देश्य मात्र आनंद प्राप्ति एवं सूचनाओं का संकलन करना है. द्रुत पाठों तथा समाचारपत्र आदि के पठन में इसी प्रकार का पठन प्रयोग में लाया जाता है. कक्षा में मौन पठन का अभ्यास इसलिए कराया जाता है जिससे विद्याथ्र्ाी उचित अवसरों पर उसका प्रयोग कर सकें और धीरे-धीरे उनके हृदय में स्वाध्याय प्रेम उत्पन्न हो सकें.
मौन पठन के उद्देश्य (Objectives of silent reading) –
- वाचन गति का विकास करना.
- पठित सामग्री के केन्द्रीय भाव की समझ विकसित करना.
- मूल तथ्यों की जानकारी देना.
- पठित सामग्री का निष्कर्ष निकालने की क्षमता विकसित करना.
- भाषा एवं भाव सम्बन्धी कठिनाईयों को समझाना.
- शब्दों का लक्ष्यार्थ और व्यंग्यार्थ जान लेना.
- उपसर्ग, प्रत्यय, सन्धि-विच्छेद द्वारा शब्द का अर्थ बताना.
- एकाग्रचित होकर ध्यान केन्द्रित कराना.
- अवकाश समय का सदुपयोग होना.
- चिन्तन करने की योग्यता का विकास करना.
सस्वर पठन और मौन पठन में अंतर–
| आधार | सस्वर पठन | मौन पठन |
|---|---|---|
| पढ़ने का तरीका | आवाज के साथ | बिना आवाज |
| गति | धीमी | तेज |
| उपयोग | प्रारंभिक शिक्षा | स्वाध्याय |
| उद्देश्य | उच्चारण सुधार | अर्थग्रहण |
3. गहन पठन (Intensive reading) –
गहन पठन सस्वर और मौन वाचन कौशल की योग्यता का विकास है जिसके माध्यम से अधिक से अधिक ज्ञानार्जन करता है. इससे अध्ययन में गंभीरता आती है तथा उचित भावों, भाषा शैली तथा सृजनात्मक सौन्दर्य की व्याख्या करता है. गहन अध्ययन में पाठक संपूर्ण अनुच्छेद या संपूर्ण पुस्तक को पढ़कर उसका भाव, उद्देश्य तथा संदेश ग्रहण कर उसे आत्मसात करता है. केवल संपूर्ण विषयवस्तु का संदेश ही ग्रहण नहीं करता अपितु उसका मूल्यांकन भी करता है. इसके लिए पाठक, पठन के साथ-साथ तर्क-वितर्क कर आलोचनात्मक दृष्टिकोण अपनाता है तथा एक निश्चित निष्कर्ष निकालता है. गहन अध्ययन में भाषा के किसी भी अवयव को छोड़ा नहीं जाता है प्रत्येक अवयव का सूक्ष्मता से अध्ययन किया जाता है.
गहन पठन के उद्देश्य (The purpose of the intensive reading -) –
- भाषा शैली तथा सृजनात्मक सौन्दर्य की व्याख्या करना.
- विषयवस्तु का भाव तथा उद्देश्य ग्रहण क्षमता का विकास करना.
- भाषा के प्रत्येक अंग का वर्णन करना.
- विषयवस्तु की तर्क-वितर्क सहित मूल्यांकन करना.
- आलोचनात्मक दृष्टिकोण का विकास/समालोचनात्मक दृष्टिकोण का विकास करना.
- नवविचारधारा निर्माण करने की प्रेरणा प्रदान करना.
4. व्यापक पठन (Extensive reading) –
व्यापक पठन, जैसा कि नाम से ही जाना जा सकता है व्यापक से तात्पर्य है विस्तृत एवं संपूर्ण व्यापक कहा जाता है. भाषा सम्बन्धी विद्यार्थियों के पूर्ण विकास हेतु व्यापक पठन का अभ्यास नितांत आवश्यक है. व्यापक पठन के माध्यम से शब्दावली में वृद्धि होती है, ज्ञानार्जन अधिक करने की क्षमता का विकास होता है.
व्यापक पठन के उद्देश्य (The objective of comprehensive reading)-
- द्रुत पठन क्षमता का विकास करना.
- विस्तार तथा संश्लेषण की क्षमता विकसित करना.
- अर्थग्रहण क्षमता का विकास करना.
- स्वाध्याय की क्षमता विकसित करना.
- विचारों में सृजनात्मकता तथा मौलिकता का विकास करना.
5. स्किमिंग पठन (Skimming Reading)
स्किमिंग पठन वह प्रक्रिया है जिसमें पाठक किसी पाठ को तेजी से पढ़कर उसका मुख्य विचार समझने का प्रयास करता है. इसमें प्रत्येक शब्द को ध्यान से नहीं पढ़ा जाता, बल्कि महत्वपूर्ण शीर्षकों, उपशीर्षकों, मुख्य वाक्यों और प्रमुख शब्दों पर ध्यान दिया जाता है. इसका उद्देश्य कम समय में विषय की सामान्य जानकारी प्राप्त करना होता है.
आज के समय में स्किमिंग पठन का उपयोग बहुत बढ़ गया है. विद्यार्थी परीक्षा से पहले नोट्स दोहराने, समाचार पत्र पढ़ने, इंटरनेट पर लेख देखने तथा किसी पुस्तक की रूपरेखा समझने के लिए इस पठन शैली का प्रयोग करते हैं. यह समय बचाने में सहायता करता है और पाठक को यह निर्णय लेने में मदद करता है कि किसी विषय को विस्तार से पढ़ना आवश्यक है या नहीं.
स्किमिंग पठन से विद्यार्थी की पढ़ने की गति बढ़ती है. साथ ही मुख्य विचारों को पहचानने की क्षमता भी विकसित होती है. प्रतियोगी परीक्षाओं में भी यह कौशल अत्यंत उपयोगी माना जाता है, क्योंकि सीमित समय में अधिक सामग्री को समझना आवश्यक होता है.
स्किमिंग पठन के उद्देश्य
स्किमिंग पठन का मुख्य उद्देश्य कम समय में पाठ के मुख्य विचार को समझना होता है. इसके माध्यम से विद्यार्थी महत्वपूर्ण तथ्यों और मुख्य बिंदुओं को जल्दी पहचान पाता है. यह पठन शैली समय की बचत करती है तथा अध्ययन को अधिक प्रभावी बनाती है.
स्किमिंग पठन के प्रमुख उद्देश्य इस प्रकार है:
- पाठ के मुख्य विचार को शीघ्र समझना.
- कम समय में अधिक सामग्री का अध्ययन करना.
- महत्वपूर्ण शीर्षकों एवं मुख्य बिंदुओं की पहचान करना.
- परीक्षा से पहले त्वरित पुनरावृत्ति करना.
- पढ़ने की गति में वृद्धि करना.
- आवश्यक और अनावश्यक जानकारी में अंतर करना.
- विद्यार्थी में त्वरित समझ विकसित करना.
- अध्ययन सामग्री का प्रारंभिक अवलोकन करना.
स्किमिंग पठन के उदाहरण
- समाचार पत्र की मुख्य खबरों को जल्दी पढ़ना.
- परीक्षा से पहले नोट्स दोहराना.
- किसी पुस्तक के अध्याय का सार समझना.
- इंटरनेट पर ब्लॉग या लेख की मुख्य बातें देखना.
6. स्कैनिंग पठन (Scanning Reading)
स्कैनिंग पठन वह प्रक्रिया है जिसमें पाठक किसी विशेष जानकारी को खोजने के उद्देश्य से पाठ को तेजी से देखता है. इसमें पूरा पाठ पढ़ना आवश्यक नहीं होता. पाठक केवल उस जानकारी पर ध्यान देता है जिसकी उसे आवश्यकता होती है.
यह पठन शैली दैनिक जीवन में बहुत उपयोगी होती है. विद्यार्थी परीक्षा तिथि, महत्वपूर्ण तथ्य, परिभाषाएँ या आँकड़े खोजने के लिए स्कैनिंग का प्रयोग करते हैं. इसी प्रकार लोग मोबाइल नंबर, ट्रेन का समय, शब्दकोश में शब्द अथवा वेबसाइट पर आवश्यक सूचना खोजने के लिए भी स्कैनिंग पठन का उपयोग करते हैं.
स्कैनिंग पठन से समय की बचत होती है. यह व्यक्ति को जानकारी खोजने में दक्ष बनाता है. आधुनिक डिजिटल युग में यह कौशल अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि इंटरनेट पर बड़ी मात्रा में जानकारी उपलब्ध रहती है.
स्कैनिंग पठन के उद्देश्य
स्कैनिंग पठन का उद्देश्य किसी पाठ में विशेष जानकारी को तेजी से खोज निकालना होता है. इसमें पूरा पाठ पढ़ना आवश्यक नहीं होता. विद्यार्थी केवल आवश्यक तथ्यों या सूचनाओं पर ध्यान केंद्रित करता है.
स्कैनिंग पठन के प्रमुख उद्देश्य इस प्रकार है:
- विशेष जानकारी को शीघ्र खोज निकालना.
- समय की बचत करना.
- महत्वपूर्ण तथ्यों एवं आँकड़ों की पहचान करना.
- जानकारी खोजने की क्षमता विकसित करना.
- विद्यार्थी को एकाग्र एवं सतर्क बनाना.
- अध्ययन को अधिक व्यवस्थित बनाना.
- प्रतियोगी परीक्षाओं में त्वरित उत्तर खोजने में सहायता करना.
- डिजिटल माध्यमों में आवश्यक सूचना प्राप्त करना.
स्कैनिंग पठन के उदाहरण
- शब्दकोश में किसी शब्द का अर्थ ढूँढना.
- समाचार पत्र में नौकरी से संबंधित विज्ञापन खोजना.
- ट्रेन या बस का समय देखना.
- पुस्तक में किसी विशेष तथ्य को खोज निकालना.
7. आलोचनात्मक पठन (Critical Reading)
आलोचनात्मक पठन वह प्रक्रिया है जिसमें पाठक केवल पढ़ता ही नहीं, बल्कि पढ़ी गई सामग्री का विश्लेषण और मूल्यांकन भी करता है. इसमें पाठक तथ्यों, तर्कों और विचारों की सत्यता पर विचार करता है. वह यह समझने का प्रयास करता है कि लेखक क्या कहना चाहता है और उसकी बात कितनी उचित है.
यह पठन शैली विद्यार्थियों में तार्किक सोच और विवेक विकसित करती है. आलोचनात्मक पठन के माध्यम से व्यक्ति सही और गलत में अंतर करना सीखता है. वह किसी विषय पर अपनी स्वतंत्र राय भी बना पाता है.
उच्च शिक्षा, शोध कार्य तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में आलोचनात्मक पठन का विशेष महत्व है. यह विद्यार्थियों को गहराई से सोचने और समस्याओं का विश्लेषण करने की क्षमता प्रदान करता है. वर्तमान समय में सोशल मीडिया और इंटरनेट पर फैल रही गलत सूचनाओं को समझने के लिए भी यह कौशल अत्यंत आवश्यक है.
आलोचनात्मक पठन के उद्देश्य
आलोचनात्मक पठन का मुख्य उद्देश्य पाठक में विश्लेषणात्मक एवं तार्किक सोच का विकास करना होता है. इसके माध्यम से विद्यार्थी पढ़ी गई सामग्री का मूल्यांकन करता है तथा उसकी सत्यता को समझने का प्रयास करता है.
आलोचनात्मक पठन के प्रमुख उद्देश्य है:
- तार्किक एवं विश्लेषणात्मक सोच विकसित करना.
- सही और गलत तथ्यों में अंतर करना.
- पढ़ी गई सामग्री का मूल्यांकन करना.
- स्वतंत्र विचार एवं मत निर्माण करना.
- समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना.
- तर्क शक्ति को मजबूत बनाना.
- विद्यार्थी में विवेकपूर्ण दृष्टिकोण उत्पन्न करना.
- सामाजिक एवं शैक्षिक जागरूकता बढ़ाना.
आलोचनात्मक पठन के उदाहरण
- किसी लेख के तर्कों की सत्यता पर विचार करना.
- समाचार की विश्वसनीयता जाँचना.
- कहानी के पात्रों के व्यवहार का विश्लेषण करना.
- किसी विषय पर अपनी राय बनाना.
8. डिजिटल पठन (Digital Reading)
डिजिटल पठन वह प्रक्रिया है जिसमें व्यक्ति मोबाइल, कंप्यूटर, टैबलेट या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से सामग्री पढ़ता है. आधुनिक तकनीकी युग में डिजिटल पठन का महत्व तेजी से बढ़ा है. आज अधिकांश विद्यार्थी ऑनलाइन नोट्स, ई-पुस्तकें, ब्लॉग और शैक्षिक वेबसाइटों का उपयोग करते हैं.
डिजिटल पठन पारंपरिक पठन से कुछ अलग होता है. इसमें पाठक को स्क्रीन पर पढ़ना पड़ता है, जहाँ चित्र, वीडियो और लिंक जैसी अतिरिक्त सामग्री भी मौजूद रहती है. इससे सीखना अधिक रोचक और इंटरैक्टिव बनता है.
ऑनलाइन शिक्षा के बढ़ते प्रभाव के कारण डिजिटल पठन आज शिक्षा का महत्वपूर्ण भाग बन चुका है. यह विद्यार्थियों को घर बैठे विश्वभर की जानकारी तक पहुँच प्रदान करता है. साथ ही समय और संसाधनों की बचत भी करता है.
हालाँकि, लंबे समय तक स्क्रीन पर पढ़ने से आँखों पर प्रभाव पड़ सकता है. इसलिए डिजिटल पठन करते समय उचित दूरी, प्रकाश और समय का ध्यान रखना आवश्यक है.
डिजिटल पठन के उद्देश्य
डिजिटल पठन का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी माध्यमों से अध्ययन करने योग्य बनाना है. इसके माध्यम से विद्यार्थी इंटरनेट और डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग करना सीखता है.
डिजिटल पठन के प्रमुख उद्देश्य है:
- विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना.
- ऑनलाइन अध्ययन सामग्री तक पहुँच प्रदान करना.
- तकनीकी ज्ञान एवं डिजिटल साक्षरता विकसित करना.
- अध्ययन को रोचक एवं आधुनिक बनाना.
- ई-पुस्तकों एवं ऑनलाइन संसाधनों का उपयोग सिखाना.
- समय और संसाधनों की बचत करना.
- स्वअध्ययन की प्रवृत्ति विकसित करना.
- वैश्विक जानकारी तक आसान पहुँच प्रदान करना.
डिजिटल पठन के उदाहरण
- मोबाइल पर ई-बुक पढ़ना.
- ऑनलाइन समाचार पढ़ना.
- शैक्षिक वेबसाइटों से अध्ययन करना.
- टैबलेट पर PDF नोट्स पढ़ना.
पठन कौशल पर इन्फोग्राफिक्स (हिंदी में)

निष्कर्ष (conclusion)
पठन कौशल भाषा शिक्षा का एक महत्वपूर्ण अंग है. इसके माध्यम से विद्यार्थी केवल शब्दों को पढ़ना ही नहीं सीखता, बल्कि उनका अर्थ समझना, विचार करना और ज्ञान प्राप्त करना भी सीखता है. यह कौशल व्यक्ति के बौद्धिक, भाषाई और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
वर्तमान डिजिटल युग में पठन कौशल का महत्व और अधिक बढ़ गया है. आज विद्यार्थियों को पारंपरिक पुस्तकों के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों से भी अध्ययन करना पड़ता है. इसलिए स्किमिंग, स्कैनिंग, आलोचनात्मक तथा डिजिटल पठन जैसी आधुनिक पठन शैलियाँ भी आवश्यक बन चुकी हैं.
अच्छा पठन कौशल व्यक्ति को जागरूक, आत्मविश्वासी और ज्ञानवान बनाता है. यही कारण है कि शिक्षा के प्रत्येक स्तर पर पठन कौशल के विकास पर विशेष बल दिया जाता है.
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)
1. पठन कौशल क्या है?
पठन कौशल भाषा सीखने की एक महत्वपूर्ण क्षमता है. इसके माध्यम से व्यक्ति लिखित शब्दों को पढ़कर उनका अर्थ समझता है. यह केवल शब्द पहचानने तक सीमित नहीं होता, बल्कि भाव, विचार और जानकारी को ग्रहण करने की प्रक्रिया भी है. पठन कौशल विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं भाषाई विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
2. पठन कौशल के कितने प्रकार होते हैं?
पठन कौशल के अनेक प्रकार होते हैं. मुख्य रूप से सस्वर पठन, मौन पठन, गहन पठन और व्यापक पठन को प्रमुख माना जाता है. आधुनिक शिक्षा में स्किमिंग पठन, स्कैनिंग पठन, आलोचनात्मक पठन तथा डिजिटल पठन को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है. प्रत्येक पठन शैली का उद्देश्य अलग होता है.
3. मौन पठन क्या है?
मौन पठन वह प्रक्रिया है जिसमें व्यक्ति बिना आवाज किए मन ही मन पढ़ता है. इसमें पाठक शब्दों का अर्थ समझने पर अधिक ध्यान देता है. यह पठन शैली स्वअध्ययन, पुस्तकालय अध्ययन और परीक्षा की तैयारी में बहुत उपयोगी होती है. मौन पठन से एकाग्रता और समझने की क्षमता विकसित होती है.
4. गहन पठन का उद्देश्य क्या है?
गहन पठन का मुख्य उद्देश्य किसी विषय को विस्तार से समझना होता है. इसमें विद्यार्थी प्रत्येक तथ्य, विचार और जानकारी का ध्यानपूर्वक अध्ययन करता है. यह पठन शैली ज्ञान की गहराई बढ़ाने, विश्लेषणात्मक सोच विकसित करने तथा विषय की स्पष्ट समझ प्राप्त करने में सहायता करती है.
5. पठन कौशल का महत्व क्या है?
पठन कौशल शिक्षा का आधार माना जाता है. इसके माध्यम से विद्यार्थी ज्ञान प्राप्त करता है तथा भाषा पर पकड़ मजबूत बनाता है. पठन से शब्दावली, विचार शक्ति, कल्पनाशक्ति और समझने की क्षमता का विकास होता है. यह व्यक्ति को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने में भी सहायता करता है.
6. डिजिटल पठन क्या है?
डिजिटल पठन वह प्रक्रिया है जिसमें व्यक्ति मोबाइल, कंप्यूटर या टैबलेट के माध्यम से सामग्री पढ़ता है. आज ऑनलाइन शिक्षा और ई-पुस्तकों के कारण डिजिटल पठन का महत्व तेजी से बढ़ा है. यह विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से जोड़ता है और अध्ययन को सरल बनाता है.
7. स्किमिंग और स्कैनिंग पठन में क्या अंतर है?
स्किमिंग पठन में पाठक पूरे पाठ का मुख्य विचार समझने का प्रयास करता है, जबकि स्कैनिंग पठन में किसी विशेष जानकारी को खोजा जाता है. स्किमिंग सामान्य समझ के लिए उपयोगी है, जबकि स्कैनिंग विशेष तथ्य या उत्तर ढूँढने के लिए प्रयोग की जाती है.
8. पठन कौशल विद्यार्थियों के लिए क्यों आवश्यक है?
पठन कौशल विद्यार्थियों को बेहतर ढंग से सीखने में सहायता करता है. इससे उनकी भाषा क्षमता, सोचने की शक्ति और ज्ञान में वृद्धि होती है. अच्छा पठन कौशल परीक्षा में सफलता प्राप्त करने तथा आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद करता है.



